AAP ने शुरू की 2019 की तैयारी, दिल्ली से दिलीप पांडे समेत इन तीन को मिल सकता है टिकट! नई दिल्ली : 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव सभी राजनीतिक दलों के लिए 'मछली की आंख' वाला लक्ष्य बने हुए हैं. बीजेपी ने इसके लिए बीते साल से ही मिशन 350 बनाकर तैयारी शुरू कर दी थी. बीजेपी को घेरने के लिए तमाम विपक्षी दल भी महागठबंधन का ताना-बाना बुन रहे हैं. इसके लिए कोई भोज का आयोजन कर रहा है तो कोई दिल्ली दौड़ लगाकर नेताओं को अपने पक्ष में करने की जुगत लगा रहा है. इन सब में दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी है, लेकिन इस बार 'आप' का फोकस पूरा देश ना होकर दिल्ली और कुछ राज्य ही रहेंगे. पार्टी सूत्रों की मानें तो 'आप' ने लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों के नामों पर विचार करना शुरू कर दिया है. इससे पहले भी पार्टी ने अपने विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा समय बिताने और जनता की समस्याओं को फौरन निपटाने को कहा था. कुछ विधायकों को तो अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी जाकर प्रचार-प्रसार करने को कहा गया था. ...